पिलखुवा। थाना क्षेत्र के गांव गालंद में गाली गलौंज का विरोध करने पर कुछ लोगों ने तीन सगे भाइयों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में तीन भाई घायल हो गए। दो की हालत गंभीर है। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव गालंद निवासी रमेश तोमर ने बताया कि 19 जनवरी की सुबह साढ़े 11 बजे उनका पोता दीपांशु बाइक से घरेलू सामान लेने रतनलाल की दुकान पर जा रहा था। तालाब के पास तिराहे पर मौजूद प्रदीप, अरुण, सहदेव उर्फ गोलू, राजकुमार, हिमांशु ने रोककर उसे गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उनके पोते ने इसकी जानकारी अपने भाई मोंटी व विक्रांत को दी। इस पर मोंटी व विक्रांत भी मौके पर पहुंच गए और गाली गलौज का विरोध किया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी व धारदार हथियार से उनके तीनों पोते पर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। हमले में मोंटी व विक्रांत गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दीपांशु को मामूली चोटें आई हैं। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पांच नामजद व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।