हापुड़ जिले में पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रिलायंस रोड पर शनिवार की सुबह करीब आठ बजे एक युवक का शव मिला है। संदिग्ध परिस्थितियों में शव रोड पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों से मिली सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस ने शव की पहचान कराई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम गालंद निवासी नीटू (35) के रूप में हुई है। मृतक मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी था। लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मृतक के चेहरे पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।