ब्रजघाट। जनपद अमरोहा के अधेड़ किसान की गढ़ क्षेत्र में संदिग्ध दशा में मौत हो गई। मृतक का शव गांव अल्लाबख्शपुर कट के पास हाईवे-9 के पास डिवाइडर पर पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर आए परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
गांव अल्लाबख्शपुर कट के पास हाईव 9 के डिवाइडर पर शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। हाईवे से गुजरने वाले राहगीर कई घंटों तक यह सोचते रहे कि कोई व्यक्ति डिवाइडर पर लेटा हुआ है, लेकिन जब दोपहर होने तक हलचल नहीं दिखाई दी तो ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो अज्ञात व्यक्ति मृत हालत में पड़ा हुआ था। ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर इंस्पेक्टर मनोज बालियान पुलिस टीम के साथ पहुंचे। जेब से मिले दस्तावेज के आधार पर मृतक की पहचान 42 वर्षीय किसान जबर सिंह निवासी गांव गंगाचोली थाना हसनपुर जिला अमरोहा के रूप में हुई। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि जबर सिंह की मौत का फिलहाल कोई भी कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण सामने आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।