धौलाना। थाना क्षेत्र के धौलाना-एनटीपीसी मार्ग स्थित राज शगुन फार्म हाउस के पास कुएं में गांव निधावली निवासी संदीप (25) का शव पड़ा मिला। मृतक शनिवार की सुबह धौलाना जाने के लिए कहकर घर से निकला था। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि शनिवार की दोपहर लगभग चार बजे राज शगुन फार्म हाउस के पास कुएं में युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से शव की शिनाख्त संदीप निवासी गांव निधावली के रूप में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया और साक्ष्य एकत्र किए।
उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने मृतक को कुएं की मेड़ पर बैठकर शराब पीते हुए देखा था। मौके से शराब के पव्वे भी बरामद हुए हैं। मृतक के पिता हरपाल सिंह ने बताया कि उनके दो पुत्र व दो पुत्रियां है। उनका पुत्र संदीप शराब का सेवन करता था और शनिवार की सुबह धौलाना के लिए कहकर घर से गया था। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।