हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चमरी निवासी युवक से साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में लाभ का झांसा देकर 10.20 लाख रुपये की ठगी कर ली। एसपी के आदेश पर कोतवाली में साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मोहल्ला निवासी संदीप कुमार ने बताया कि जुलाई में नेहा वर्मा नाम की महिला ने उसके फोन पर व्हाट्सएप कॉल करके शेयर मार्केट के बारे में जानकारी दी। आरोपी ने उसे शेयर मार्केट के कई प्लान बताए थे। समय-समय पर वह उससे बात करती रही। उसकी बातों पर विश्वास कर वह उसके झांसे में आ गया। इसके बाद महिला ने एक लिंक भेजकर प्लान के अनुसार उससे बताए खातों में रुपया जमा कराया।
उसने अलग-अलग तारीखों में आरोपी के बताए खातों में 10.20 लाख रुपये जमा कर दिए। कुछ दिनों बाद जब उसने भुगतान संबंधी जानकारी करनी चाही तो महिला ने अपना फोन बंद कर लिया। इसके बाद अपनी पत्नी के फोन से जानकारी करने पर आरोपी महिला के दो बैंक खातों के बारे में जानकारी मिली। इन खातों में भी साइबर ठगों ने उससे रुपये डालने के लिए कहा। लेकिन उसने रुपये नहीं डाले।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश पर साइबर ठगों के खिलाफ ठगी करने की धारा 318(4) व 66 डी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बताए गए नंबरों को सर्विलांस के माध्यम से ट्रेस किया जा रहा है।