हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार की शाम एक बाइक सवार की बेकाबू वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
वहीं, गढ़मुक्तेश्वर में अलग-अलग स्थानों पर हुई वाहनों की भिड़ंत में दंपति समेत नौ लोग घायल हो गए। हापुड़ पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को एक बाइक सवार युवक कपड़ों की गठरी लेकर मेरठ की ओर जा रहा था।
मेरठ रोड फ्लाईओवर पर चढ़ते समय किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
उधर, गढ़मुक्तेश्वर कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक अलग-अलग सड़क हादसों में दंपति समेत नौ लोग घायल हो गए। सड़क हादसे में घायल दो लोगों की हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
सिंभावली में बड़े बिजलीघर के सामने बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे नेशनल हाईवे के कट पर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक में आमने सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार गुड्डू घायल हो गया।
वहीं, ब्रजघाट गंगा पुल के पास बुधवार रात करीब 12 बजे गजरौला की ओर जा रही केंटर ने सामने से आ रही सेंट्रो कार को टक्कर मार दी। इससे कार सवार चंपत लाल, उसकी पत्नी मनीषा, बेटी दिव्या और चालक रामपाल निवासी फव्वारा चौक शाहदरा दिल्ली घायल हो गए।
कार सवार रिश्तेदार के यहां से वापस लौट रहे थे। उधर, बृहस्पतिवार सुबह करीब 6 बजे गढ़-मेरठ मार्ग पर गांव पौपाई के पास सड़क पार कर रहे सांड को बचाने की कोशिश में संतुलन बिगड़ने से बाइक पेड़ में टकरा गई। इससे बुलंदशहर को जा रहा बाइक सवार असलम और उसका दोस्त आसमोहम्मद घायल हो गया।
वही, गढ़-स्याना रोड पर सालारपुर इंटर कॉलेज के पास टायर फटने से बाइक सड़क पर फिसल गई। इससे बाइक सवार भूरा सिंह और उसका चाचा रामलखन निवासी जहांगीराबाद घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया, जहां हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने असलम और भूरा को मेरठ रेफर कर दिया है।