गांव डूहरी के जंगल में शनिवार रात 12 नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला और विद्युत टावर लगा रहे मजदूरों को बंधकर बनाकर डकैती डाली।
मजदूरों को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाश नगदी समेत लाखों का सामान लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जंगल में बदमाशों को तलाशा, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका।
पुलिस के अनुसार फरीदनगर से पिलखुवा तक विद्युत टावर लगाने का काम चल रहा है। इसके तहत पिछले दस दिन से गांव डूहरी के जंगल में टावर लगाने का काम चल रहा है।
शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे 12 नकाबपोश बदमाशों ने मौके पर धावा बोला। इसके बाद बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर मजदूरों से लूटपाट की।
शादाब से मोबाइल, मुबस्सर से दस हजार रुपये, अल्ताफ से चार सौ रुपये, शहजाद से मोबाइल, गुलफान और इंतजार से मोबाइल फोन लूट लिया।
इसके साथ ही बदमाशों ने टावर का करीब तीन लाख रुपये का सामान भी लूट लिया। लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मजदूरों को बंधक बनाकर भाग निकले।
मजदूरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। मजदूरों ने कोतवाली में तहरीर दी है। मजदूर मेरठ जिले के सरधना के महादो गांव के निवासी हैं।
कोतवाल दीपक त्यागी ने बताया कि मामला संज्ञान में आ चुका है। जांच पड़ताल कराई जा रही है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।