यूपी-100 के पुलिस कर्मियों के जिले में अवकाश की योजना लागू कर दी गई। अवकाश योजना के तहत पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान होने वाले तनाव से काफी राहत मिलेगी। इस आदेश से स्थानीय पुलिस कर्मियों में खुशी है।
जनवरी माह में जिले में आमजन की सुरक्षा को मजबूती देने के लिए यूपी-100 की शुरूआत की गई थी। पुलिस कर्मियों की कमी के बावजूद सुरक्षा मजबूत बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जा रहे थे।
इसके लिए ड्यूटी पर रहने वाले पुलिस कर्मियों को 12-12 घंटे की ड्यूटी करनी पड़ती थी। ऐसे में ड्यूटी के दौरान तनाव झेल रहे पुलिस कर्मियों को वरिष्ठ अधिकारियों ने राहत दिलाने के प्रयास किए। अब पुलिस कर्मियों को प्रत्येक पांचवें दिन बाद 12 घंटे का अवकाश मिलेगा।
इससे पुलिस कर्मी ड्यूटी से तनाव मुक्त होंगे। साथ ही वह बिना किसी थकान के ड्यूटी कर सकेंगे। जिले में इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। संबधित थानों पर रोस्टर प्रक्रिया के आदेश भेज दिए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक यतीश पुनिया ने बताया कि अवकाश योजना से पुलिस कर्मियों को काफी राहत मिलेगी। सुरक्षा व्यवस्था बरकरार रखना ही पुलिस की प्राथमिकता है।