रामपुर रोड पर बृहस्पतिवार को पशु अवशेष गोदाम पर हुई डकैती के मामले में पुलिस के लाख हाथपांव मारने के बाद भी बदमाशों का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस इसे आपसी मारपीट का मामला बताकर पल्ला झाड़ने में लगी है।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार रात रामपुर रोड स्थित गुलजार के पशु अवशेष के गोदाम पर आठ डकैतों ने धावा बोलकर चौकीदार नूरआलम को बंधक बना लिया था। बाद में लाखों रुपये के पशु अवशेष लूटकर ले गए थे। सुबह गुलजार ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी।
हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस जान बुझकर सुस्ती बरत रही है। पुलिस का कहना है कि सप्ताह पूर्व गुलजार की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई थी। मामला आपसी मारपीट का है। हालांकि, मामले की गहनता से जांच करने का दावा भी पुलिस कर रही है।
कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र यादव का कहना है कि मामला आपसी मारपीट का है। आशंका है कि मारपीट करने वाले युवकों ने ही लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया हो।