दिनदहाड़े घर में घुसे युवक ने 11 साल की बच्ची से रेप का प्रयास किया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर लोगों को आता देखकर आरोपी भाग निकला। बच्ची के परिजनों ने आरोपी युवक को दबोचकर जमकर धुनाई की और उसको पुलिस को सौंप दिया।
क्षेत्र के एक गांव में सोमवार दोपहर 11 साल की बच्ची घर में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। उसके परिजन बाहर गए हुए थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला एक युवक घर में घुस आया। उसने बच्ची को अकेला देखकर उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए रेप का प्रयास किया।
बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले लोग उस तरफ दौड़ पड़े । लोगों को आता देखकर युवक मौके से भाग निकला। सूचना पर घर पहुंचे परिजनों को बच्ची ने आपबीती सुनाई।
आसपास के लोगों ने भी युवक की करतूत की जानकारी उनको दी। उसके बाद गुस्साए परिजनों ने तलाशकर युवक को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई की। ग्रामीणों के समझाने पर बच्ची के परिजन आरोपी को लेकर गढ़ कोतवाली पहुंचे।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। परिजनों ने आरोपी को नामजद करते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर समरजीत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।