पुलिस का नाम लेकर गांव बहादुरगढ़ में बुधवार देर रात करीब छह लुटेरों ने दो घरों में जमकर लूटपाट की। दोनों घरों में मौजूद लोगों को हथियारों के बल में बंधक बनाकर लुटेरों ने वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं बेखौफ बदमाश मवेशी भी खोल ले गए। लुटेरों के जाते ही पीड़ितों का शोर सुनकर गांववाले एकजुट हो गए और तुरंत पुलिस को इत्तला कर लुटेरों की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस और ग्रामीणों को पीछे आते देख बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी लेकिन ग्रामीण डटे रहे। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक लुटेरे को दबोच लिया जबकि अन्य फायरिंग करते हुए भागने में सफल हो गए। पकड़ा गया लुटेरा कस्बा किठौर मेरठ का रहने वाला है। मौके से लुटेरों की मैजिक गाड़ी और लूटकर ले जाए जा रहे दो मवेशी बरामद किए गए हैं। पुलिस पकड़े गए लुटेरे से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, गांव बहादुरगढ़ में बुधवार देर रात करीब छह लुटेरों ने धावा बोला। लुटेरे पहले हरस्वरूप के घर पहुंचे और खुद को पुलिस बताकर दरवाजा खुलवा लिया। दरवाजा खुलते ही लुटेरों ने हरस्वरूप और उसकी पत्नी संतो को गन प्वाइंट पर लेकर 1200 रुपये और सोने के कुंडल लूट लिए। दोनों को एक कमरे में बंद कर लुटेरे पड़ोसी देवकरण के घर पहुंचे और पुलिस की बात कहकर दरवाजा खुलवाया और देवकरण और उसकी पत्नी अंगूरी से कुंडल व दो हजार लूटकर उन्हें भी कमरे में बंधक बना दिया।
इसके बाद बेखौफ लुटेरे दो मवेशियों को खोलकर ले गए। लुटेरों के जाते ही पीड़ित परिवारों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर गांव में जाग हो गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर लुटेरों का पीछा शुरू कर दिया। लाठी-डंडों और लाइसेंसी हथियारों से लैस ग्रामीणों और पुलिस को पीछा करता देख लुटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। ग्रामीण डटे रहे और घेराबंदी कर एक लुटेरे को दबोच लिया जबकि अन्य फायरिंग करते हुए भागने में सफल हो गए।
पकड़े गए लुटेरे की पहचान आस मोहम्मद निवासी मोहल्ला बंजारा, कस्बा किठौर (मेरठ) के रूप में हुई है। मौके से एक मैजिक गाड़ी और लूटकर ले जाए जा रहे मवेशी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है जबकि उसके फरार साथियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित कर दी गई है।
ग्रामीणों और पुलिस से बचने के लिए बदमाशों ने कई हथकंडे अपनाए। ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद भी जब पुलिस और ग्रामीणों ने लुटेरों का पीछा नहीं छोड़ा तो लुटेरों ने लोगों को मैजिक गाड़ी से रौंदने की भी कोशिश की। इस दौरान दारोगा सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल ब्रजभान सिंह समेत ग्रामीण मनोज कश्यप, मुनेश लोधी, मुकेश, नरेश, अजय, संजय कश्यप अपनी जान बचाने में सफल रहे।
डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय का कहना है कि आरोपी आसमोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसके फरार साथियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।