यूपी 100 योजना करेगी जिले में काम
- फोटो : अमर उजाला
जिले में शुक्रवार को यूपी 100 की 22 गाड़ियां पहुंच गई। जिले में इन गाड़ियों को जल्द अलग-अलग थानों में भेज दिया जाएगा। साथ ही 26 दिसंबर से यूपी 100 की योजना जिले में कार्य करना शुरू कर देगी।
प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद बनाने के लिए यूपी 100 योजना शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत जिले में 22 वाहन मिले हैं। जिले में लगभग 2500 प्वाइंट चिंहित कर सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है। पूरी योजना की मॉनीटरिंग लखनऊ से होगी।
19 नवंबर को जिले में यूपी 100 का उद्घाटन पुलिस लाइन में अमरोहा से गाड़ियां मंगवाकर किया जा चुका है। शुक्रवार को जिले में 22 वाहन पहुंच गए। इसमें शुक्रवार को पुलिस लाइन में चालकों को भी प्रशिक्षण दिया गया।
जिले के तीन थाने सिंभावली, बहादुरगढ़ व धौलाना थाने को तीन तीन वाहन मिलें हैं। जबकि अन्य छह थानों को दो-दो वाहन मिले हैं। योजना को लेकर स्थानीय स्तर पर कंट्रोल रूम कोतवाली परिसर में बनाया जा चुका है।
एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि योजना के लिए वाहन मिल गए हैं। 26 दिसंबर से जिले में ये योजना लागू कर दी जाएगी। इस योजना से छोटी से लेकर बड़ी घटनाओं पर पुलिस द्वारा विशेष नजर रखी जाएगी। जिससे जनता की सुरक्षा मजबूत होगी।