सो रहे दंपति को पशु चोरों ने लहूलुहान किया
- फोटो : अमर उजाला
देहात थाना क्षेत्र के गांव असौड़ा में मंगलवार की रात मवेशियों के बाड़े में सो रहे दंपति को पशु चोरों ने सिर पर तमंचे की बट मारकर लहूलुहान कर दिया। दंपति के शोर मचाने पर पिकप पर सवार होकर आए चोर भाग गए।
गांव असौड़ा में स्टेशन रोड पर देवी शरण लोधी अपनी पत्नी फूलवती और पुत्र जितेंद्र के साथ रहते है। मंगलवार की रात देवी शरण व उनकी पत्नी फूलवती मकान के सामने बने मवेशियों के बाड़े में सो रहे थे।
रात करीब दो बजे आहट से दंपति की नींद खुली तो उन्हें टार्च की रोशनी दिखाई दी। दंपति के आवाज लगाने पर तीन लोग उनके पास पहुंचे। इस बीच उन लोगों ने दंपति को तमंचे की बट मारकर लहूलुहान कर दिया।
दंपति के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के आ जाने पर तीनों हमलावर पिकप में सवार होकर भाग गए। घायल दंपति को परिवार वालों ने अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को दंपति ने देहात थाने में घटना की तहरीर दी।
एसओ देहात दीक्षित त्यागी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।