देहात थाना क्षेत्र के गांव में बाथरूम में नहा रही किशोरी से पड़ोसी युवक ने चाकू के बल पर रेप की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी को चाकू मार दिया। चीख सुनकर लोग दौड़े तो आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। किशोरी के पिता ने गांव वालों के साथ थाने जाकर में तहरीर दी।
गांव में दलित परिवार की नाबालिग किशोरी बुधवार सुबह घर पर अकेली थी। वह बाथरूम में नहा रही थी, तभी पड़ोस का एक युवक घर में घुस आया और बाथरूम में पहुंच गया। किशोरी को चाकू की नोंक पर कमरे में ले गया और रेप की कोशिश की।
किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी किशोरी पर चाकू से हमला कर फरार हो गया। इसके बाद किशोरी ने अपने पिता को घटना की जानकारी दी। पिता ने ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव में आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। उधर, एसओ देहात दीक्षित त्यागी का इस बाबत कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।