थाना कोतवाली क्षेत्र के तहसील चौपला के पास एक युवक को सड़क पर भीख मांग रहे किशोरों को खाना खिलाना भारी पड़ गया। इस दौरान एक किशोर ने युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर नकदी लूट ली।
होश आने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने करीब आधा दर्जन किशोरों से पूछताछ कर उन्हें चाइल्ड वेलफेयर संस्था के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के मुताबिक गांव गोयना निवासी अनुज हापुड़ में नौकरी करता है।
शुक्रवार रात वह काम कर घर लौट रहा था। मेरठ तिराहे के पास कुछ किशोर खड़े हुए भीख मांग रहे थे। तभी अनुज ने उन्हें खाना खिलाया। इसी बीच मौका पाकर वहां खड़े एक किशोर ने उसे रुमाल में नशीला पदार्थ सुंघा दिया।
इससे अनुज बेहोश हो गया और किशोर उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकालकर भाग गए। कुछ देर में होश आने के बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस से की। शनिवार को नौकरी पर जाने के दौरान अनुज ने रेलवे स्टेशन के
माल गोदाम के पास नशा कर रहे कुछ किशोरों को देखा। वहां पहुंचकर उसने एक किशोर पहचान कर पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने कुछ किशोरों को थाने में लाकर पूछताछ की। साथ ही चाइल्ड वेलफेयर संस्था को मामले से अवगत कराया।
पूछताछ में कुछ जानकारी नहीं देने पर पुलिस ने संस्था के पदाधिकारियों को पांच किशोरों को सुपुर्द कर दिया। उधर, कोतवाली प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि पूछताछ में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पकड़े गए पांच किशोरों को चाइल्ड वेलफेयर संस्था के सुपुर्द कर दिया गया है।