एकतरफा प्यार में पागल एक शोहदे ने शुक्रवार को दिनदहाड़े स्वर्ग आश्रम रोड पर मां के साथ जा रही इंटर की छात्रा को रोककर अपने प्यार का इजहार किया। छात्रा के विरोध करने पर उसके चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी।
साथ ही ‘तू सिर्फ मेरी है और मेरी रहेगी, हमारे बीच जो भी आया समझो वो मर गया’ फिल्मी डायलॉग भी सुनाया। इस बीच लोगों की भीड़ जुटती देख शोहदा वहां से भाग गया। डरी सहमी छात्रा अपनी मां के साथ घर पहुंची और मोहल्ले वालों को घटना के बारे में बताया।
बाद में छात्रा के परिजनों ने एसपी से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नगर के एक मोहल्ले में रहने वाली इंटर की छात्रा का काफी दिनों से देहात थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाला युवक पीछा कर रहा है।
एकतरफा प्यार में पागल युवक की हरकत का छात्रा कई मर्तबा विरोध कर चुकी है। इस पर वह तेजाब फेंकने की धमकी दे चुका है। इससे डरी छात्रा ने कालेज जाना छोड़ दिया। काफी दिनों तक कालेज न जाने पर परिजनों ने पूछा तो छात्रा ने सारी बात बताई।
शुक्रवार को छात्रा अपनी मां के साथ कालेज जा रही थी। रास्ते में युवक ने छात्रा को रोककर प्यार का इजहार किया।मां-बेटी ने युवक का विरोध किया तो उसने छात्रा के मुंह पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। लोगों की भीड़ जुटती देखकर फरार हो गया।
उधर, एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि मामला बेहद संगीन अपराध की श्रेणी में आता है। कोतवाली पुलिस को जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।