नगर पालिका को मकान कर और जल कर देने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं से वंचित मोती कालोनी को ईओ द्वारा अवैध बताए जाने पर शनिवार को लोग भड़क उठे।
लोगों ने सीओ पिलखुवा की गाड़ी को रोककर हंगामा किया। ईओ के आश्वासन पर लोग शांत हुए, लेकिन एक सप्ताह में राहत न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
माता कालोनी के लोगोें ने बताया कि वे नगर पालिका को हाउस टैक्स देते हैं, लेकिन कालोनी में न तो रास्ते हैं और न ही बिजली आपूर्ति के लिए खंभे लगे हैं।
जल कर देते हैं, लेकिन पानी की टंकी तक नहीं है। वे कालोनी में मूलभूत सुविधाओं के लिए विभागीय अफसरों से कई बार गुहार लगा चुके हैं।
लोगों ने शनिवार को नगर पालिका में एकत्र होकर ईओ से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन ईओ पे कालोनी को अवैध बताया था।
इस पर लोग भड़क गए। उन्होंने वहां से गुजर रहे सीओ पिलखुवा की गाड़ी को रोक लिया और प्रदर्शन किया। बाद में ईओ द्वारा जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने पर लोग शांत हुए।
प्रदर्शन में राहुल, रेखा, मीना, अर्चना, मोनिका, निशा, पायल, संगीता, आरती, रामपाल, रुपाली, लीला आदि मौजूद रहे।
मैंने एक सप्ताह पहले खुद कालोनी का निरीक्षण किया था।
कालोनीवासियों ने बताया था कि इस कालोनी की 23 लाख रुपये की लागत से सड़क बननी है, जिसका टेंडर भी हो गया है। पानी का नलकूप लगवाने के लिए भूमि का निरीक्षण होना था। कालोनी का नक्शा पास नहीं है, फिर भी पालिका लोगों की दिक्कत को देखते हुए वहां विकास कार्य करा रही है। - संजय मिश्रा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका