कारों में सवार युवकों ने जमकर मारपीट की
- फोटो : अमर उजाला
नगर कोतवाली के पूर्व इंस्पेक्टर के पुत्र के साथ बुधवार की शाम मेरठ रोड तिराहे पर लाल बत्ती लगी कारों में सवार युवकों ने जमकर मारपीट की। बीच बचाव करने पर इंस्पेक्टर पुत्र के दोस्त के साथ भी हाथापाई की।
इस बीच भीड़ जुटती देख कार सवार युवक बुलंदशहर की ओर भाग गए। पुलिस ने कार सवार युवकों की धर पकड़ के लिए वायरलेस से संदेश प्रसारित कराया, पर नतीजा सिफर रहा।
कोतवाली हापुड़ नगर के इंस्पेक्टर रहे राजेंद्र सिंह यादव का छोटा पुत्र आशीष बुधवार को अपने दोस्त रोबिन के साथ होंडा सिटी कार से मेरठ से हापुड़ आ रहा था। मेरठ तिराहे पर गुरुद्वारे के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही लाल बत्ती लगी फॉरच्यूनर, सफारी और स्कार्पियो कार सवार युवकों ने हूटर बजाकर साइड मांगी।
बताते हैं कि जैसे ही आशीष ने अपनी कार साइड में लगाने का प्रयास किया, तीनों गाड़ियों से 20-25 युवक उतरे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे मेरठ तिराहे पर जाम लग गया। मजे की बात यह रही कि तिराहे पर तैनात यातायात पुलिस कर्मी तमाशा देखते रहे।
इस बीच वहां आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, यह देख कार सवार सभी युवक बुलंदशहर की ओर भाग गए। इसके बाद आशीष ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने बताए गए कारों के नंबर को कंट्रोल रूम के माध्यम से वायरलेस कराकर तलाश कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। उधर, इस संबंध में सीओ सिटी विशाल यादव का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।