कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में एक महिला को एक व्यक्ति ने चार लाख रुपये में एक भूखंड बेचा, जबकि उस प्लाट पर बैंक से कर्ज ले रखा था। पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
गाजियाबाद के गोविंदपुरम निवासी कुमुद वर्मा ने बताया कि उसने 30 मार्च 2011 को 12 वर्ग गज का एक प्लाट बदनौली गांव में खरीदा था। बैनामा 31 मार्च 2011 को किया गया था। प्लाट चार लाख रुपये में खरीदा गया था।
कुमुद ने बताया कि वह बीमार होने के कारण प्लाट का दाखिल खारिज नहीं करा सकी थी। अब जब वह ठीक हुई है तो उसने दाखिल खारिज की प्रक्रिया शुरू की तो पता चला कि प्लाट को बंधक बनाकर 25 हजार रुपये पीएनबी और किसान क्रेडिट कार्ड से 1.44 हजार रुपये का लोन लिया गया है।
उसका भुगतान भी नहीं किया गया है। एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।