सिंभावली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर एक युवक ने रंजिश में अपने दोस्त को तमंचे से गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में हापुड़ रेफर किया गया है। प्लेटफार्म पर गोली चलते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
आरोपी भागा हुआ है। जीआरपी मामले की जांच में जुटी है। सिंभावली क्षेत्र के वैठ गांव निवासी अब्बास खां का बेटा नाजिम सोमवार सुबह शुगर मिल के पास स्थित रेलवे स्टेशन पर अपने निजी कार्य से गया था।
जहां प्लेटफार्म नंबर दो पर नाजिम के एक पुराने साथी ने पुरानी रंजिश के चलते उसे गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते स्टेशन पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची जीआरपी ने आनन-फानन में घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां परीक्षण के दौरान हालत बिगड़ती देखकर चिकित्सकों ने घायल नाजिम को हापुड़ अस्पताल रेफर कर दिया।
उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। नाजिम के पिता अब्बास ने जीआरपी थाने में तहरीर देकर जुबैर पुत्र कलुवा निवासी थाना गढ़ गांव सरुरपुर के विरुद्ध हत्या की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जीआरपी इंचार्ज इंद्रजीत सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपी भागा हुआ है। उसे जल्द ही दबोच लिया जाएगा।