नेशनल हाइवे समेत अलग-अलग रास्तों पर हुईं वाहनों की भिड़ंत में भाई-बहन समेत 7 घायल लोग हो गए, जिनमें से दो को मेरठ रेफर किया गया है।
गढ़ के बदरखा मोड़ पर सोमवार रात में करीब 11 बजे एनएच-24 पर जा रहे तेज रफ्तार कैंटर ने सेंट्रो कार को टक्कर मार दी।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार जय सिंह, उनकी पत्नी ममता और कार चला रहा साला नरेश निवासी शहादरा दिल्ली घायल हो गए।
यह लोग बरेली में ममेरे भाई की शादी में शिरकत कर वापस दिल्ली लौट रहे थे। दूसरी दुर्घटना गढ़-मेरठ मार्ग पर सोमवार रात करीब 12 बजे गांव पौपाई के पास हुई।
क्रय केंद्र से गन्ना लेकर सिंभावली शुगर मिल जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉले की साइड लगने से इंडिका कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार सुनील सिंह और चालक मुहब्बत खां निवासी मवाना घायल हो गए।
यह लोग बुलंदशहर में दिवंगत रिश्तेदार के दाह संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। वहीं, तीसरी घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे गढ़-स्याना रोड पर बार्डर के आखिरी गांव सदरपुर के पास हुई, जहां घने कोहरे में मारुति कार ने बाइक को साइड मार दी।
इससे बाइक पर सवार आरिफ और उसका दोस्त प्रदीप निवासी बुलंदशहर घायल हो गए। यह लोग किठौर कस्बे में अपनी साली के लिए लड़का देखने जा रहे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने प्रदीप और मुहब्बत खां को मेरठ रेफर कर दिया है।