ब्रजघाट चेक पोस्ट के पास सोमवार सुबह रोडवेज बस और मारुति वैन की टक्कर हो गई। हादसे में वैन चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
जानकारी के मुताबिक, ब्रजघाट चेक पोस्ट के पास बने कट पर दिल्ली से हल्द्वानी जा रही उत्तराखंड डिपो की बस के सामने अचानक एक वाहन आ गया। इस पर बस चालक ने ब्रेक लगाए दिए। इससे पीछे आ रही तेज रफ्तार वैन बस से जा टकराई।
हादसे में गजरौला से दिल्ली जा रहे गजरौला निवासी सतेंद्र, आशिक अली, मोहन, राकेश और महरबान घायल हो गए और वैन क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। सड़क के बीच में हुए हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया। साथ ही हाईवे से वाहनों को हटवाकर करीब आधे घंटे बाद यातायात सुचारु कराया। चौकी प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।