बुलंदशहर के मोबिल ऑयल कारोबारी से गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप में भाजपा नेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कारोबारी ने भाजपा नेता पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मोबिल ऑयल के कारोबारी पंकज अग्रवाल पुत्र कालीचरण निवासी देवीपुर जिला बुलंदशहर ने भाजपा नेता कमल त्यागी के खिलाफ गढ़ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।
व्यापारी का कहना है कि 16 फरवरी की शाम उनका ड्राइवर गढ़ क्षेत्र में मोबिल ऑयल सप्लाई देने आया था। उसे गाड़ी और माल समेत भाजपा नेता और व्यापार संघ के अध्यक्ष कमल त्यागी ने पकड़कर बैठा लिया था।
पता लगने पर स्थानीय व्यापारियों ने छुड़वाया था। पंकज अग्रवाल का कहना है कि कुछ दिन बाद वह माल की सप्लाई देने गढ़ गए थे तो कमल त्यागी ने उनके मारपीट की भविष्य में गढ़ की तरफ आने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
उधर, भाजपा नेता कमल त्यागी अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने घटिया किस्म के मोबिल ऑयल के सप्लाई पर आपत्ति जताई थी।
इंस्पेक्टर समरजीत सिंह का कहना है कि बुलंदशहर के व्यापारी की तहरीर पर कमल त्यागी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।