थाना कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित संजय विहार आवास विकास कालोनी में बाइक सवार चार युवकों ने युवतियां से छेड़छाड़ की। वहां से गुजर रहे एक युवक ने विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उसकी पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया जबकि तीन फरार हो गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर एक बाइक पर सवार होकर चार युवक ट्यूशन पढ़कर लौट रहे थे। रास्ते में मोहल्ला संजय विहार आवास विकास कालोनी में कुछ युवतियां अपने घर जा रही थीं।
तभी चारों युवकों ने बाइक रोककर उनके साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। इस पर युवतियों ने शोर मचा दिया। तभी वहां से गुजर रहे एक युवक ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी युवकों ने उसकी पिटाई कर दी।
हंगामा होने पर मोहल्ले वासियों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि उसके तीन साथी भाग गए। इस बीच भारी संख्या में लोग पुलिस चौकी पहुंच गए और कार्रवाई की मांग की।
उधर, कोतवाली प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। छेड़छाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।