एसपी के तबादले के बाद कई थानेदारों के चार्ज पर संकट मंडरा रहा है। अपना चार्ज बचाने के लिए संबंधित थानेदार जोड़तोड़ में जुट गए हैं। हालांकि इनमें वर्षों से जमें कई थानेदारों का गैर जनपद भी तबादला होने की उम्मीद है।
एसपी अलंकृता सिंह का पुलिस अधीक्षक क्षेत्रीय अभिसूचना मेरठ के पद पर तबादला हो गया है। केशव चौधरी को नया एसपी बनाया गया है। अमूमन नए एसपी की तैनाती के बाद थानों में तैनात थानेदारों में फेरबदल होता है।
ऐसे में नए एसपी की तैनाती होने के बाद कई थानेदारों की नींद उड़ गई है। दरअसल, कुछ दिन पूर्व कई थानेदारों को हटाकर उनकी जगह नए थानेदारों को तैनाती दी गई थी। एसपी के तबादले ने एक बार फिर इन थानेदारों की धड़कन तेज कर दी हैं।
नए एसपी की आमद पर कई थानेदारों के चार्ज से छुटटी होनी तय मानी जा रही है। उधर, चुनाव आयोग के निर्देश पर कई थानेदारों का गैर जनपद भी तबादला हो चुका है, लेकिन अभी तक ये जनपद में ही जमे हैं।
ऐसे में इनकी धड़कन तेज हो गई हैं। कुछ थानेदार चार्ज लेने के लिए जोड़तोड़ के प्रयास में जुट गए हैं। हालांकि अभी तक नए एसपी ने चार्ज नहीं लिया है।