हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव घुंघराला में बीडीसी के चुनाव में वोट नहीं देने पर सोमवार को दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान हुए पथराव में दो भाई घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दबिश देकर एक पक्ष के छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, गांव घुंघराला निवासी सुरेंद्र पुत्र रामप्रसाद के घर से प्रत्याशी ने बीडीसी का चुनाव लड़ा था। जबकि गांव के ही राजकुमार पुत्र गिरिराज के परिवार के एक सदस्य ने भी चुनाव लड़ा था। सोमवार सुबह वोट नहीं देने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
इस दौरान मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया। थोड़ी देर बाद राजकुमार पक्ष के लोग हाथों में लाठी-डंडा लेकर आ गए और सुरेंद्र के घर पर पथराव कर दिया। इसकी चपेट में आकर सुरेंद्र के पुत्र रोहित और राहुल घायल हो गए।
गांव में पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार घायलों को पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित सुरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने राजकुमार के घर पर दबिश दी और वहां से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
एसओ हाफिजपुर नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मौके से अंकित, सुंदर, सुनील, राजेश, विनोद और बिजेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है। किसी भी हाल में शांति व्यवस्था भंग करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।