हरियाणा से मिनी ट्रक में लादकर मुरादाबाद को ले जाया जा रहा 70 कुंतल प्रतिबंधित पशुओं का मांस पुलिस ने शनिवार को पकड़ लिया। पशु चिकित्सक ने इसके सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मांस को गड्ढे में दबवा कर नष्ट करा दिया।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सौ नंबर पुलिस ने शनिवार दोपहर हाईवे पर मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया। इसमें तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरों में भरकर रखा हुआ 70 कुंतल मांस बरामद हुआ है।
मांस के प्रतिबंधित पशुओं का होने की आशंका के चलते पुलिस ने पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर बुला लिया। टीम ने मांस के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला को भेज दिए हैं।
इसके बाद एसआई सरवन गौतम की देखरेख में पुलिस ने मांस को गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबवाकर नष्ट करा दिया है। इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने बताया कि मिनी ट्रक से बरामद हुए मांस को पशु चिकित्सकों की टीम ने प्रथम दृष्ट्या प्रतिबंधित पशुओं का माना है।
हकीकत प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने बताया कि मिनी ट्रक से पूरनचंद निवासी करनाल, राशिद निवासी मुरादाबाद और
गोविंद निवासी अंबाला को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने पूछताछ में बताया कि मांस को हरियाणा से बिक्री के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।