कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवी करीम में छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ लोगों ने मां बेटी को पीट पीटकर घायल कर दिया। मामले में 6 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। सोमवार को पीड़ितों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित युवती ने बताया कि उसका पड़ोसी उस पर गलत नियत रखता है। इसके चलते उसके साथ वह आए दिन छेड़छाड़ करता रहता है। पांच अप्रैल को नवमी के दिन वह घर में अकेली थी और उसका परिवार पंखा यात्रा में शामिल होने गया था।
तभी आरोपी उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ करने लगा। इस पर उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर उसकी मां भी वहां पहुंच गई। इसके बाद आरोपी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर युवती और उसकी मां के साथ मारपीट की।
पीड़ित मां बेटी ने मामले की शिकायत पुलिस से की लेकिन चौकी पुलिस ने तहरीर तक नहीं ली। पिछले छह दिन से पीड़ित अपनी रिपार्ट दर्ज कराने के लिए थानों के चक्कर लगा रहे हैं।
पीड़ितों ने मामले की शिकायत सोमवार को डीएम से की। डीएम अनिल ढींगरा ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया ।
उधर, घर में अकेली देख विवाहिता से तीन युवकों ने रेप की कोशिश की। आरोपियों ने उसे बचाने आई देवरानी से भी मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ डाले। इसी बीच घर पहुंचे पति से भी आरोपियों ने मारपीट कर नकदी छीन ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
बहादुरगढ़ के एक गांव में रहने वाली एक महिला ने सोमवार को थाने में तहरीर दी है। उसने बताया कि उसका पति पशुओं को खरीदने-बेचने का काम करता है। वह सोमवार को पशु बेचने के लिए गया था। दोपहर के समय वह घर में अकेली सो रही थी।
इसी बीच गांव के ही रहने वाले तीन लोग घर में घुस आए। उन्होंने अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए रेप का प्रयास किया। चींख सुनकर पड़ोस में रहने वाली उसकी देवरानी उसे बचाने के लिए पहुंची,
तो आरोपियों ने उसे भी दबोच लिया और मारपीट करते हुए उसके कपड़े भी फाड़ डाले। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान उसका पति भी पशु बेचकर घर लौटा,तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर 62 हजार की नकदी छीन ली।
हंगामा होने पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़िता ने तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। एसआई चरन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।