नेशनल हाईवे पर शनिवार की शाम देशी घी व्यापारी के दो मुनीमों से 7.35 लाख रुपये की लूट के मामले में कोतवाली पुलिस के हाथ अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल तीन लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
शनिवार शाम अतुल ट्रेडिंग कंपनी के देशी घी व्यापारी अतुल के मुनीम हर्षित और अमित निवासी हापुड़ पिलखुवा से रुपयों का कलेक्शन कर हापुड़ लौट रहे थे। तभी रास्ते में नेशनल हाईवे पर डूहरी पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने दोनों मुनीमों को साइड मारकर रोक लिया था। गन प्वाइंट पर लेकर बदमाशों ने मुनीमों से 7.35 लाख रुपये लूट लिया था।
इस मामले में मुनीम हर्षित ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब कोतवाली पुलिस इस घटना का खुलासा करने में तेजी से जुट गई है। कोतवाल यशवीर सिंह ने बताया कि कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है। घटना का खुलासा करने के लिए टीम गठित हैं, जो दबिश दे रही हैं। पुलिस मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर करने में लगी है।