पिलखुवा थाना क्षेत्र के गांव दहपा हिम्मतनगर आजमपुर में शनिवार की रात आधा दर्जन बदमाशों ने दो घरों में डकैती डाली। इस दौरान बदमाशों ने एक महिला और एक बुजुर्ग की हत्या कर दी।
वहीं एक दंपति और बाप बेटी समेत चार ग्रामीणों को गंभीर रूप से घायल कर दिया जिन्हें मेरठ के आनन्द हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। आईजी, डीआईजी, एसपी और डीएम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है
तथा मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री की ओर से दो-दो लाख रुपये और घायलों का मुफ्त इलाज की घोषणा की गयी है। जानकारी के अनुसार पहली वारदात दहपा हिम्मतनगर में रात्रि करीब 12.30 बजे मास्टर अनजार अहमद के परिवार में हुई।
इस घटना में बदमाशों ने सिरों पर प्रहार कर अनजार की पुत्र वधु फरजाना (35) पत्नी आरिफ की हत्या कर दी जबकि राशन डीलर आरिफ (44) और उनकी बेटी गुल (17) को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों ने उनकी सेफ के ताले तोड़कर लूटपाट भी की।
बदमाशों ने दूसरी वारदात में कुछ ही दूरी पर दहपा आजमपुर में नवविवाहित दंपति तैय्यब (28) और रेशमा (26) को बेड पर सोते हुए ही सिरों पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और जमकर लूटपाट की।
इनका एक माह पूर्व ही निकाह हुआ है। तीसरी वारदात में करीब 2.30 बजे बदमाशों ने गांव के बाहरी छोर पर ठेकेदार इलियास के चबूतरे पर चारपाई बिछाकर सोए 65 वर्षीय मंजूर की सिर्फ टोकने पर गोली मारकर हत्या कर दी।
हालांकि पहली वारदात के समय लोगों के जगने पर पुलिस को सूचना दे दी गयी थी और पुलिस मौके पर पहुंच भी गई। फिर भी बदमाशों ने दो और घटनाओं को अंजाम दे दिया। आईजी सुजीत पांडेय, डीआईजी लक्ष्मी सिंह, एसपी अलंकृता सिंह, डीएम अनिल ढींगरा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि दो टीमों को गठन कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पहली घटना में एक व्यक्ति को नामजद किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये दिये जाने तथा घायलों का मुफ्त इलाज कराये जाने की घोषणा की है।