कंट्रोल रूम पर फर्जी लूट की सूचना देने वाले युवक को पुलिस ने दबोच लिया। सिंभावली एसओ विजय बहादुर ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात किसी युवक ने सौ नंबर पर कॉल कर हाजीपुर गांव के जंगल में लूट की सूचना दी थी।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम आनन-फानन में हाजीपुर पहुंची, लेकिन जांच पड़ताल के बाद सूचना गलत निकली। इसके बाद शुक्रवार की सुबह फिर उसी नंबर से सौ नंबर पर कॉल की गई। कॉल करने वाले युवक ने नवादा नहर पटरी पर लूट होने की सूचना दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इस बार भी सूचना फर्जी निकली। उन्होंने बताया कि फर्जी सूचना देने वाले युवक का मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर जांच की गई।
आरोपी को सिखैड़ा से दबोच लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी अमित निवासी अल्लीपुर थाना बाबूगढ़ शराब के नशे में धुत था। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।