चुनाव प्रचार में समाजवादी पार्टी के नाम इस्तेमाल करने पर ब्लॉक प्रमुख पद के एक उम्मीदवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। सपा विधानसभा क्षेत्राध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
सिंभावली ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव सपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। समाजवादी पार्टी की ओर से गांव टोडरपुर के ट्रांसपोर्टर लताफत चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
सपा विधानसभा क्षेत्राध्यक्ष फारूख प्रधान ने बताया कि ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव में गांव रझैड़ा निवासी रविंद्र यादव खुद को भी सपा संगठन से जुड़ा होने का दावा कर पंपलेट्स और बैनर में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के फोटो इस्तेमाल कर रहे हैं।
मामले में फारूख प्रधान ने शुक्रवार को सिंभावली थाने में रविंद्र प्रधान के खिलाफ तहरीर दी थी। उनका कहना है कि रविंद्र यादव का सपा संगठन से कोई भी ताल्लुक नहीं है।
पार्टी हाईकमान ने पहले ही लताफत चौधरी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया हुआ है। इसके बाद भी रविंद्र यादव वोटरों को भ्रमित करने के लिए पार्टी के रंग वाले झंडे और वरिष्ठ नेताओं के फोटो अपने पंपलैटों में कर रहे हैं।