हाथरस। सादाबाद में वाहन चेकिंग के दौरान विधायक से भिड़ने वाले दरोगा बलवीर जल्द ही जिले के कप्तान डॉ. एस चन्नप्पा से मिलकर अपनी बात रखेंगे। दरोगा का कहना है कि विधायक से विवाद के बाद भी वह अपने आरोपों पर कायम हैं। अभी तक एसपी ने इस पूरे मामले में चुप्पी साध रखी है। विधायक से विवाद के बाद दरोगा अलग-थलग पड़ गए हैं और महकमे के लोग इस लड़ाई को उनकी व्यक्तिगत लड़ाई बता रहे हैं। जबकि दरोगा का कहना है कि वह एसपी के कहने पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। मालूम हो कि शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान एक टैंपो का चालान करने पर विधायक देवेंद्र अग्रवाल और दरेागा बलवीर के बीच विवाद हो गया था। दरेागा ने विधायक पर गाली-गलौज का आरोप लगाया था। वहीं विधायक ने दरोगा पर गाली दिए जाने और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर एसपी से शिकायत की थी। दरोगा भी अब एसपी से मिलकर अपना पक्ष रखने की बात कह रहे हैं।