कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मेरठ रोड स्थित एसडीए मिशन स्कूल के समीप एक वृद्ध महिला से तंत्र विद्या के नाम पर दो ठगों ने कुंडल ठग लिए। महिला रोती हुई पास ही साइलो चौकी पर पहुंची। जहां उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की दोपहर मोदीनगर रोड निवासी राजेशदेवी अपने एक परिचित से मिलने मेरठ रोड स्थित ट्यूबवेल कालोनी में गई थी। थोड़ी देर बाद वह वापस लौटने लगी। जैसे ही वह एसडीए मिशन स्कूल के समीप पहुंची तो बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे।
उन्होंने महिला को बातचीत में उलझा लिया। इसके बाद उसे घर में परेशानी की बात बताने लगे। जिस पर महिला ने परेशान होने की बात स्वीकार की। उन्होंने तंत्र विद्या के नाम पर उसे दूर करने की बात कही। इस बीच महिला से उन्होंने दोनों कानों से कुंडल उतरवा लिए।
महिला को थोड़ी दूर चलकर वापस आने को कहा। तो दोनों ठग कुंडल लेकर भाग निकले। महिला ने रोते हुए शोर मचाया। साथ ही मामले की जानकारी पास ही साइलो चौकी पर पहुंचकर पुलिस को दी।
पुलिस ने ठगों की काफी खोजबीन की। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ठगों को पकड़ लिया जाएगा।