पुलिस लाइन में शनिवार को शराब के नशे में धुत एक सस्पेंड सिपाही ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उसने साथी सिपाही पर तमंचा तान दिया, इससे पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है। आरोपी शराब पीने के मामले में सस्पेंड था। बागपत के बिनौली थाना क्षेत्र के गांव माड़ई निवासी दिनेश अछवान पिछले काफी समय से शराब पीने के मामले में सस्पेंड चल रहा है।
शनिवार को शराब के नशे में धुत होकर वह पुलिस लाइन पहुंचा और उत्पात मचाना शुरू कर दिया। पुलिस लाइन में मौजूद साथियों ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उनके ऊपर तमंचा तान दिया।
आनन-फानन में मामले की सूचना आला अधिकारियों को दी गई। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी सिपाही को कोतवाली ले आए।
कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि दिनेश शराब पीने के मामले में सस्पेंड था। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। उसके पास से तमंचा बरामद किया गया है।