देहात थाना क्षेत्र के बुलंदशहर रोड बाईपास पर देर रात चर्बी से भरा ट्रक खराब हो गया। ट्रक में पीछे से एक अन्य ट्रक टकरा गया। इसके बाद सड़क पर चर्बी फैलने से पूरे दिन लोग फिसल कर गिरते रहे। हादसों में करीब छह लोग घायल हो गए। इस दौरान यात्रियों को जाम से भी जूझना पड़ा।
बुधवार रात करीब दो बजे चर्बी से भरा एक टैंकर गढ़ की ओर जा रहा था। हाईवे पर बुलंदशहर रोड फ्लाईओवर के ऊपर अचानक यह टैंकर खराब हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा सर्फ से भरा ट्रक इससे टकरा गया। यह ट्रक साहिबाबाद से रामपुर जा रहा था।
हादसे में ट्रक सवार चालक राहुल व क्लीनर निवासी आसमाबाद किला परिक्षितगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चर्बी सड़क पर फैल गई, जिससे कई वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में करीब चार कारें और कई बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।
बाइक से गिर कर गढ़ निवासी सुमित्रा घायल हो गई। कुल मिलाकर छह से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दुर्घटनाओं के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति रही। यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एसओ ने बताया कि चर्बी के टैंकर के ड्राइवर व क्लीनर फरार हो गए। इसके मालिक की जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।