कोतवाली क्षेत्र के गांव गालंद निवासी कार ड्राइवर का बुधवार सुबह हरियाणा के थाना बिलासपुर क्षेत्र में संदिग्ध हालात में कार से कुछ दूर लहूलुहान पड़ा शव मिला। हरियाणा पुलिस ने घटना की सूचना फोन कर परिजनों को दी। इससे गांव में कोहराम मच गया।
कार को गालंद से ही दो युवक बुक कर हरियाणा लेकर गए थे। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। कोतवाली क्षेत्र के गांव गालंद निवासी नेपाल (30) पुत्र स्व. देवी जाटव अपने परिवार के साथ रहते हैं और कार चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम दो अपरिचित युवक गांव से ही कार को बुक करके हरियाणा लेकर गए थे। बुधवार सुबह पांच बजे हरियाणा के थाना बिलासपुर पुलिस ने फोन पर परिजनों को कार से कुछ दूरी पर लहूलुहान हालत में नेपाल का शव पड़ा मिलने के संबंध में जानकारी दी।
मृतक की भाभी ने बताया कि नेपाल की हत्या की गई है। पुलिस जल्द घटना का खुुलासा करे। नेपाल शादीशुदा है उसके दो बच्चे हैं। उधर, कोतवाल अजय अग्रवाल ने बताया कि गांव में जानकारी कर पता चला है कि मामला हरियाणा में हुआ है।