देहात थाना क्षेत्र के दोयमी फाटक के पास ट्रैक पर युवक का शव पड़ा होने के कारण काठगोदाम शताब्दी दोयमी फ्लाईओवर के पास आधा घंटा खड़ी रही।
चालक ने शव देख कंट्रोल रूम को सूचना देकर ट्रेन रोक दी। करीब आधा घंटा बाद पहुंची पुलिस ने शव को हटाया। इसके बाद ट्रेन रवाना हो सकी।
सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव दोयमी फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन पर करीब 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा था।
हापुड़ रेलवे स्टेशन से सिर्फ 30 किमी की स्पीड से गुजरी काठगोदाम शताब्दी एक्सप्रेस के चालक ने शव ट्रैक पर पड़ा देखकर ट्रेन रोक दी और कंट्रोल को सूचना दी।
शताब्दी एक्सप्रेस के रुकते रेलवे अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन फानन जीआरपी पहुंची और देहात थाने को सूचना दी। देर रात तक तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
एसओ देहात विनोद पांडेय ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह बिहार का रहने वाला है। उसके पास टिकट भी नहीं मिला है।
रेलवे के यातायात निरीक्षक आरके अमरेश ने बताया कि ट्रैक पर शव मिलने की वजह से शताब्दी एक्सप्रेस आधा घंटा रुकी रही।