राशन वितरण के दौरान दबंगों ने डीलर की धुनाई कर सामान की तोड़फोड़ कर डाली। पीड़ित ने गल्ले में रखी रकम भी ले जाने का आरोप लगाया है। बहादुरगढ़ के गांव सिकंदरपुर क्षेत्र लुहारी गांव का तेजपाल यादव राशन डीलर है।
मंगलवार की दोपहर को वह गांव में राशन बांट रहा था तभी कुछ दबंग लोग वहां आ गए। उन्होंने मनमाने ढंग में राशन सामग्री न मिलने से नाराज होकर हंगामा करते हुए वहां रखे सामान की तोड़फोड़ कर दी।
विरोध करने पर दबंगों ने राशन डीलर से मारपीट भी कर दी। पीड़ित ने मारपीट और तोड़फोड़ के साथ ही गल्ले में रखी सैकड़ों की रकम ले जाने का भी आरोप लगाया है। डीलर ने सौ नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया।
इसके बाद एक युवक को हिरासत में भी ले लिया गया है लेकिन उसके तीन साथी वहां से भाग निकले। इस घटना से राशन वितरण का कार्य बीच में ही रुक गया, जिससे लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
एसओ ने बताया कि तोड़फोड़ और गल्ले में रखी नकदी ले जाने का आरोप सरासर गलत है, क्योंकि राशन को लेकर महज हाथापाई हुई थी। लेकिन दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता होने से कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।