थाना कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड पर ओवरब्रिज के पास शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बाइक सवार दो सिपाहियों को एक टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में बागपत के सरूरपुरकला गांव निवासी सिपाही अरविंद (21) पुत्र ब्रह्मजीत की मौत हो गई।
वहीं, उसका एक साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों सिपाही थाना देहात से डायल-100 के प्रशिक्षण के लिए पुलिस लाइन जा रहे थे। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को टैंकर समेत गिरफ्तार कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। जानकारी के अनुसार बागपत के गांव सरूरपुरकला निवासी राहुल और अरविंद 2016 बैच के सिपाही हैं। दोनों की तैनाती फिलहाल हापुड़ देहात थाने में है।
बुधवार सुबह दोनों बाइक से डायल-100 के प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए पुलिस लाइन जा रहे थे। जैसे ही दोनों सिपाही मेरठ रोड पर ओवरब्रिज पर पहुंचे तो पीछे से तेज गति से जा रहे टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद दोनों सिपाही काफी देर तक सड़क पर पड़े तड़पते रहे। राहगीरों ने 100 नंबर पर पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे की सूचना पर एएसपी रामनयन यादव और सीओ शैलेंद्र सिंह राठौर अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत में डॉक्टरों ने अरविंद को हायर मेडिकल सेंटर मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वहीं, राहुल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने अरविंद की मौत की सूचना परिजनों को दे दी है। पुलिस ने टैंकर सहित चालक को गिरफतार कर लिया है। सीओ शैलेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई की जाएगी।