नगर के एक निजी स्कूल में पहली क्लास की छात्रा के साथ रेप के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह डीएम और एसपी ने मौका-ए-वारदात का निरीक्षण कर पुलिस को जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है। उधर, प्रबंधन स्कूल में छात्रा से रेप की घटना से इंकार कर रहा है। बता दें कि, नगर के एक निजी स्कूल में मंगलवार को पहली क्लास की छात्रा के साथ अज्ञात व्यक्ति ने रेप किया।
स्कूल से छात्रा के बेहोश होने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में महिला डॉक्टर के नहीं होने से मेडिकल में देरी हुई।
रात 8.30 पर महिला डॉक्टर के आने पर मेडिकल हुआ। मेडिकल में बच्ची से रेप की पुष्टि हुई है। हापुड़ में मेडिकल होने के बाद बच्ची को लेकर परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण कोतवाली में आ गए थे।
जहां उन्होंने स्कूल से जुड़े अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी थी। वहीं, बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे डीएम एके ढींगरा और एसपी अलंकृता सिंह स्कूल में पहुंचे। उन्होंने जांच-पड़ताल कर गढ़ पुलिस को वारदात का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाकर जांच कर रही है। एसपी अलंकृता सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
घटना में स्लाइड रिपोर्ट बेहद अहम पहलू है, रिपोर्ट से ही बच्ची के साथ रेप होने अथवा चोट लगने की हकीकत का खुलासा हो पाएगा। बच्ची से स्कूल में रेप की घटना को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
डीएम और एसपी के बाद एएसपी आरएन यादव बुधवार को गढ़ कोतवाली पहुंचे। उन्होेंने पुलिस के साथ गोपनीय ढंग से मीटिंग कर घटना से जुड़ी सारी सच्चाई का खुलासा और कार्रवाई करने के निर्देश दिए।