पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव अचपलगढ़ी में कुछ असमाजिक तत्वों ने रास्ते में कार रोककर एक युवक के साथ मारपीट की। उसके बाद असामाजिक तत्व विवाह स्थल पर पहुंचे जहां दो अन्य लोगों के साथ मारपीट कर एक महिला से चेन लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने मामले की शिकायत एएसपी से की है। जानकारी के अनुसार 27 नवंबर को अचपलगढ़ी निवासी मूलचंद की बहन पूजा की शादी थी। वह अपनी बहन को लेने के लिए ब्यूटी पार्लर जा रहा था।
तभी कुछ युवकों ने कार रोककर उसके साथ मारपीट की। साथ ही कार के शीशे भी तोड़ दिए। उसके बाद वह जैसे तैसे वहां से जान छुड़ाकर निकला।
थोड़ी देर बाद ही ये युवक विवाह स्थल पर पहुंच गए।
जहां उन्होंने उसके रिश्तेदार नरेश व गजेंद्र के साथ मारपीट की। मारपीट में दोनों घायल हो गए। इस बीच आरोपी एक महिला कविता से भी चेन लूटकर फरार हो गए। मामले की शिकायत पिलखुवा पुलिस से की गई।
लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत एएसपी से की गई।एएसपी रामनयन यादव का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।