देहात थाना क्षेत्र के धनौरा-श्यामपुर मार्ग पर शनिवार को दो बाइक पर सवार पांच लुटेरों ने तमंचे के बल पर कोल्ड ड्रिंक एजेंसी संचालक से 23 हजार रुपये लूट लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस घटना के बाबत जानकारी होने से इंकार कर रही है।
गांव वझीलपुर निवासी उदय प्रकाश त्यागी ने कोल्ड ड्रिंक की एजेंसी ले रखी है। शनिवार को वह लोडर से कोल्ड ड्रिंक की सप्लाई करने से जा रहे थे। शाम लगभग चार बजे वह धनौरा-श्यामपुर मार्ग से होते हुए गांव जा रहे थे।
रास्ते में दो बाइक पर सवार पांच लुटेरों ने ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने उदय प्रकाश की कनपटी पर तमंचा लगाकर 23 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाश उसकी गाड़ी की चॉबी को पास के एक खेत में फेंककर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। उधर, इस संबंध में एसओ देहात दीक्षित त्यागी का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।