सिंभावली तहसील के एक गांव में राशन न देने के विरोध पर युवक ने यूपी पुलिस के सिपाही पर लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिए। सिपाही बाल-बाल बच गया।
पब्लिक ने आरोपी को दबोचकर पिस्टल छीन ली। पुलिस ने पिस्टल कब्जे में लेकर पीड़ित सिपाही से तहरीर ले ली है।
सिंभावली तहसील के एक गांव में शनिवार को राशन वितरण हो रहा था। गांव में ही रहने वाला वृद्ध धीर सिंह जाटव राशन लेने गया, लेकिन डीलर के राशन न देने पर वह घर लौट आया।
धीर सिंह का बेटा यूपी पुलिस में सिपाही है और आजकल मुजफ्फरनगर में तैनात है। वह इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। वह पिता को साथ लेकर राशन डीलर के पास विरोध जताने गया।
इस पर राशन डीलर ने उससे अभद्रता कर दी और गांव के ही एक युवक को कॉल कर बुला लिया। युवक ने वहां पहुंचते ही गाली-गलौच की और अपनी अंटी से लाइसेंसी पिस्टल निकाल कर फायरिंग कर डाली।
हमले में सिपाही बाल-बाल बच गया। राशन लेने के लिए आए लोगों ने हिम्मत जुटाकर युवक को दबोच लिया और पिस्टल छीन ली। हालांकि आरोपी लोगों के चंगुल से छूटकर भाग गया। पीड़ित सिपाही ने आरोपी का पिस्टल थाने में दिया और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दी।