घुड़चढ़ी में जबरन डांस पर दो पक्षों में मारपीट, तनाव
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुदाफरा में घुड़चढ़ी के दौरान दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने जबरन डांस शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं से अभद्रता की भी गई। उसके बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए जिससे तनाव व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मुदाफरा में मंगल सैनी के दो पुत्र राहुल व कृष्ण की घुड़चढ़ी हो रही थी। तभी दूसरे समुदाय के युवक वहां पहुंच गए और उन्होंने डांस शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से अभद्रता भी कर दी। इसका विरोध करने पर छह सात युवक शनिवार रात मंगल सैनी के घर में घुस कर मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार मचते ही ग्रामीण पहुंच गए। मंगल सैनी के पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और हमला करने आए कुछ युवकों को बंधक बना लिया।
सूचना पर पुलिस और ग्राम प्रधान भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी राजेश कुमार भारती ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। किसी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।