कनेक्शन काटने गई टीम को दौड़ाकर पीटा
हापुड़। दिल्ली रोड बिजलीघर से जुड़े मोहल्ला गद्दा पाड़ा में बृहस्पतिवार दोपहर बकाएदारी पर कनेक्शन काटने पहुंची बिजली निगम की टीम को कुछ उपभोक्ताओं ने दौड़ाकर पीटा, साथ ही गाली गलौच भी की। इस मामले में निगम अफसरों की ओर से संबंधित थाने में मारपीट करने वालों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बकाएदारों के कनेक्शन काटने के लिए बृहस्पतिवार को बिजली निगम की टीम मोहल्ला गद्दा पाड़ा पहुंची। टीम ने उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए गए। आरोप है कि कुछ उपभोक्ताओं ने कनेक्शन काटे जाने का विरोध किया।
लेकिन बिजली निगम के कर्मचारियों ने कार्रवाई जारी रखी। इसी बीच कई बकाएदार उपभोक्ताओं ने कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में मोहल्ले में भगदड़ मच गई। किसी तरह निगम कर्मियों ने भाग कर अपनी जान बचाई।
उप खंड अधिकारी प्रथम पूजा वर्मा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बकायेदारी पर कनेक्शन काटने का अभियान चलाया हुआ है। बृहस्पतिवार को टीम के साथ बकायेदार उपभोक्ताओं ने मारपीट की, इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है।