एंबुलेंस व भैंसा बुग्गी की भिड़ंत, एक की मौत
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली रोड पर हनुमान मंदिर के पास मंगलवार रात एंबुलेंस व भैंसा बुग्गी की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बुग्गी सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है। जबकि चालक भाग गया।
गांव अच्छेजा निवासी मुस्ताक(50) पुत्र रोहताश भाड़े का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। मंगलवार दोपहर वह अपनी भैंसा बुग्गी में आलू के कट्टे भरकर उन्हें दिल्ली रोड स्थित कोल्ड स्टोरेज में रखने के लिए आया था। कोल्ड स्टोरेज में कट्टे उतारने के बाद वह वापस घर लौट रहा था। दिल्ली रोड पर एचपीडीए के कार्यालय के निकट हनुमान मंदिर के पास पहुंचने पर सामने से आ रही एक एंबुलेंस ने बुग्गी में टक्कर मार दी। इस हादसे में बुग्गी सवार मुस्ताक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। एंबुलेंस में दुर्घटना के समय कोई मरीज नहीं था। चालक एंबुलेंस छोड़ भाग गया। मृतक के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं एंबुलेंस चालक की तलाश की जा रही है।