तगासराय का लापता युवक मेरठ
बस अड्डे पर मिला बेहोश
हापुड। नगर के मोहल्ला तगासराय से सोमवार शाम को रहस्यमय ढंग से लापता एक युवक मंगलवार सुबह मेरठ में रोडवेज बस अड्डा के पास बेहोश मिला। वह रेलवे रोड स्थित साइबर कैफे में इंजीनियरिंग का फार्म भरवाने गया था।
जानकारी के अनुसार देहात क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला तगासराय निवासी संजय त्यागी ने बताया कि उनका पुत्र दिशांक त्यागी सोमवार शाम करीब छह बजे घर से रेलवे रोड स्थित एक साइबर कैफे पर इंजीनियरिंग का फार्म भरने की बात कहकर गया था। काफी देर बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी तलाश के बाद भी जब युवक का कोई सुराग नहीं लगा तो मंगलवार सुबह परिजन ने देहात थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि युवक के पिता ने बताया कि मंगलवार शाम उन्हें सूचना मिली कि उनका पुत्र मेरठ स्थित रोडवेज बस अड्डे पर अचेत अवस्था में मिला है। आशंका है कि जहरखुरीनी गिरोह के लोगों ने लूटपाट करने के उद्देश्य से उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बस अड्डे पर फेंक दिया है।