संपत्ति विवाद में भाई-भाभी को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। गांव रझैटी में संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो भाइयों ने भाई और भाभी की पिटाई कर घायल कर दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव रझैटी निवासी फारुख ने रविवार को थाने में तहरीर दी। उसका कहना है कि पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से उसके परिवार में विवाद चल रहा है। रविवार को दोपहर करीब ढाई बजे वह घर पर नहीं था। इस बीच उसके दो भाई घर पर पहुंच गए और पत्नी के साथ अभद्रता करने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया। इस बात की जानकारी मिलने पर जब वह घर पहुंचा और पत्नी को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़ित ने दोनों को नामजद करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर डालचंद सिंह का कहना है कि मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।