काल बने सर्विस रोड के गड्ढे, बाइक सवार की मौत
हापुड़। कुचेसर रोड चौपला स्थित सर्विस रोड पर बने गड्ढों में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार बीबी नगर थाना क्षेत्र के गांव मंडौना निवासी ब्रिजेश उर्फ सोनू पुत्र मूले दिल्ली किसी काम से गया था। बुधवार रात वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह कुचेसर रोड चौपले पर पहुंचा तो सर्विस रोड पर बने गहरे गड्ढों में गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दुर्घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। दरअसल, पिछले कई माह से लोगों द्वारा सर्विस रोड के निर्माण की मांग उठ रही है। प्रदर्शन और कई दुर्घटनाओं के बाद भी सर्विस रोड को दुरुस्त नहीं किया गया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी संजीव बालियान ने बताया कि गड्ढों के कारण दुर्घटना हुई थी। संबंधित विभाग को इस संबंध में सूचित किया जायेगा।